पर्यावरणमध्य प्रदेश

धान के खेत में 6 फीट लंबा मगरमच्छ, ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी

वन विभाग ने रात में की सफल रेस्क्यू कार्रवाई तेदोनी नदी में छोड़ा गया सुरक्षित स्थान पर
सिलवानी। तहसील के ग्राम मड़िया देवरी में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने एक धान के खेत में मगरमच्छ देखा। अचानक खेत में मगरमच्छ के दिखाई देने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग सिलवानी को दी।
सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी आदर्श मिश्रा के निर्देशन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरी रात और खेतों के बीच पानी भरे इलाके में मगरमच्छ को पकड़ना टीम के लिए चुनौती भरा था। टीम ने ग्रामीणों की मदद से बड़ी-बड़ी सर्च लाइटों का उपयोग कर मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ने में सफलता हासिल की। वन परिक्षेत्र अधिकारी आदर्श मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया मगरमच्छ करीब छह फीट लंबा था। उसे रात में ही धनगवा के पास स्थित तेदोनी नदी में सुरक्षित रूप से छोड़ा गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, खेत के पास नदी होने के कारण मगरमच्छ के नदी से खेत तक आने की संभावना है। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में डर का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button