हिनोतिया खालसा बांध निर्माण शुरू कराने को लेकर किसान संगठन की बैठक व पैदल मार्च 21 को

रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। समस्त किसान साथियों को सूचित किया गया है कि किसान संगठन गैरतगंज द्वारा दिनांक 21 जनवरी 2026 बुधवार को दोपहर 1 बजे ब्लॉक मैदान, गैरतगंज में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जाएगा।
किसान संगठन के सदस्यों गगन गौर, हरनाम लोधी, लाइक खान, सौरभ ठाकुर, देवेंद्र ठाकुर एवं महेश यादव ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य हिनोतिया खालसा बांध का निर्माण कार्य, जो विगत एक वर्ष से बंद पड़ा है, उसे शीघ्र प्रारंभ कराना है, ताकि हजारों किसानों को समय पर फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके।
बैठक में किसानों से जुड़े अन्य ज्वलंत विषयों एवं समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक के उपरांत ब्लॉक मैदान से अनुविभागीय कार्यालय तक पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
किसान संगठन गैरतगंज ने क्षेत्र के समस्त किसान साथियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।



