घर से सांभर के सींग एवं अवैध सागौन वनोपज के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

न्यायालय ने भेजा जेल
सिलवानी। वन मंडलाधिकारी सामान्य रायसेन के मार्गदर्शन में एवं उप वनमंडलाधिकारी सामान्य सिलवानी के निर्देशन में वन परिक्षेत्र सिलवानी पूर्व की टीम ने अवैध रूप से वन्यप्राणी सांभर के सींग एवं अवैध वनोपज की तस्करी करने वाले आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्यप्राणी सांभर का सींग एवं 25 नग सागौन वनोपज और फर्नीचर निर्माण के उपकरण जप्त किये हैं। जप्त सागौन वनोपज की अनुमानित कीमत 40000 रूपये आंकी गई है।
वन परिक्षेत्र सिलवानी पूर्व के वन अमले द्वारा जाहिर सिंह पुत्र सूरत सिंह ठाकुर निवासी ग्राम सियरमऊ तहसील सिलवानी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 एवं वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 47337/21 दिनांक 25.07.2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
वन परिक्षेत्राधिकारी पूर्व सिलवानी के वन अमले द्वारा दिनांक 25.07.2026 को आरोपी के घर ग्राम सियरमऊ में दबिश दी गई। तलाशी के दौरान घर में अवैध रूप से रखा गया वन्यप्राणी सांभर का सींग एवं 25 नग सागौन वनोपज, और फर्नीचर निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद हुए। आरोपी को रविवार को माननीय न्यायालय रायसेन में पेश किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा आरोपी को जेल भेज दिया।



