मध्य प्रदेश

तीन दिन से नहीं खुला स्कूल, बालक पहुँचा एसडीएम कार्यालय

कोरोना काल में वैसे ही बच्चों की बहुत छुट्टी हो चुकी है
सिलवानी।
मंगलवार से 18 दिन बाद जब सरकारी स्कूल एक बार फिर से खुले तो यहां का नजारा कुछ बदला हुआ था। एक तरफ जहां स्कूलों में इक्का-दुक्का बच्चे ही पहुंचे तो टीचरों की संख्या भी कम दिखाई दी। कोरोना काल में दो साल से वैसे ही पढ़ाई चैपट हो रही है। कोरोना संक्रमण के बढ़ने के कारण पिछले दिनों सरकार से सभी स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से एक फिर से स्कूल बंद हो गए थे। अब सरकार के निर्देश पर मंगलवार से फिर से स्कूल खुले तो कई तरह की अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं।
ऐसा ही एक मामला गुरूवार को देखने में आया, जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो स्कूल दो दिन की तरह तीसरे दिन भी बंद मिला जिस पर बालक बस्ता लेकर पालक के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचा और सीढ़ियों पर एसडीएम के आने का इंतजार करने लगा, इस बीच एसडीएम संघमित्रा बौद्ध के आने पर बच्चे का आने का कारण पूछा तो बच्चे ने एसडीएम को बताया कि पिछले तीन दिन से लगातार स्कूल जा रहे है परंतु स्कूल नहीं खुला है। बच्चे ने एक लिखित आवेदन पत्र भी एसडीएम को सौंपा।
मामला सिलवानी से महज 5 किलोमीटर दूर सांईखेड़ा शासकीय प्राथमिक शाला का है। जहां पिछले तीन दिन से बच्चे स्कूल समय पर जाते है परंतु शिक्षक स्कूल बंद कर नदारत थे। गुरूवार भी आधा दर्जन से अधिक बच्चे लगभग 11 बजे तक स्कूल खुलने का इंतजार कर लौट गये, स्कूल नहीं खुलने की समस्या से परेशान एक बालक संस्कार साहू कक्षा पांचवी का छात्र अपने बस्ते के साथ पिता को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचा, और सीढ़ियों पर बैठकर एसडीएम के आने का इंतजार करने लगा, कुछ समय पश्चात एसडीएम संघमित्रा बौद्ध ने बच्चे को बस्ते के साथ सीढ़ियों पर बैठा हुआ देखने पर उससे आने का कारण पूछा। संस्कार साहू ने बताया कि पिछले तीन दिन से स्कूल नहीं खुल रहा है। बच्चे समय पर स्कूल जाते है परंतु शिक्षक नहीं आने से लौट जाते है।
इस संबंध में एसडीएम संघमित्रा बौद्ध का कहना है कि ब्लाक शिक्षा अधिकारी को जांच कर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही कर सूचित करने के लिए कहा गया है। एवं सभी विद्यालय नियमानुसार खुले रहे इस हेतु निर्देशित किया गया है।

Related Articles

Back to top button