धार्मिक

सिलवानी में भव्य कलश यात्रा के साथ आरंभ हुई श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ

सिलवानी। नगर के यादव परिवार द्वारा कार्तिक मास के पावन अवसर पर नगर में भक्ति और आस्था का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ आरंभ हुआ। सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा का प्रारंभ नगर स्थित प्रसिद्ध मां बीजासन माता मंदिर से विधिवत पूजन-अर्चन के पश्चात किया गया।
माताओं और बहनों ने पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर अपने सिर पर मंगल कलश धारण किया, वहीं नगर के पुरुष वर्ग ने भगवा ध्वज थामकर भक्ति और एकता का संदेश दिया। भक्ति रस से ओत-प्रोत यह यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर बजरंग चौराहा पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुजनों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया और ‘जय श्रीराम’, ‘हरि बोल’ के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर, बजरंग चौराहा, सिलवानी में किया जा रहा है। कथा वाचक का पावन कार्य पंडित संजय शास्त्री नगर खेड़ापति (सिलवानी वाले) के मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक संपन्न होगा।
यह सात दिवसीय कथा महोत्सव 27 अक्टूबर 2025, सोमवार से आरंभ होकर 2 नवंबर 2025, रविवार तक चलेगा। आयोजकों यादव परिवार ने क्षेत्र के सभी धर्म प्रेमी बंधुओं से निवेदन किया है कि सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा श्रवण करने अवश्य पधारें।

Related Articles

Back to top button