
अब तक 27 शवों को एटा पोस्टमार्टम गृह पर पहुंचाया गया है
घायलों को बस-टैंपों में लादकर जिला अस्पताल भेजा जा रहा है
डीएम आशीष कुमार और एसपी निपुण अग्रवाल मौके पर पहुंचे
हाथरस । उत्तरप्रदेश के हाथरस के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव रतीभानपुर में आयोजित भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ मच गई। अचानक मची भगदड़ में कई लोगों की मौत हो गई। अब तक 27 शव पोस्टमार्टम के लिए एटा लाए गए हैं। मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल है।
उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ है। यहां के रतीभानपुर गांव में चल रहे भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ मच गई। इस हादसे में 90 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि 100 के करीब लोग बेहोश हो गए हैं।
अब तक 27 शव एटा पोस्टमार्टम गृह पर लाए गए हैं। मृतकों में कई महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। घटनास्थल एटा सिकंदराराऊ के बार्डर पर है। घायलों को बस-टैंपों में लादकर जिला अस्पताल लाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएम आशीष कुमार और एसपी निपुण अग्रवाल मौके पर पहुंच गए हैं।
एटा शहर के मोहल्ला वनगांव के रहने वाले रामदास की पत्नी सरोज लता की भी मौत हो चुकी है। उनके बेटे और बहू की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि मृतक हाथरस और एटा के रहने वाले हैं। मृतकों के शवों को अलीगढ़ और एटा पहुंचाया जा रहा है।
एटा एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि हाथरस जिले के मुगलगढ़ी गांव में एक धार्मिक आयोजन चल रहा था, तभी भगदड़ मच गई। एटा अस्पताल में अब तक 27 शव आ चुके हैं, जिनमें 23 महिलाएं, 3 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं। आगे की जांच की जा रही है।
इस हादसे पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने जिला प्रशासन को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके उपचार कराने और मौके पर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी के निर्देश के बाद सरकार के दो वरिष्ठ मंत्री और मुख्य सचिव के साथ डीजीपी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।



