थाना गोसलपुर को iRAD पेंडेंसी निपटाने में मिली सफलता, पुलिस अधीक्षक ने की सराहना

ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर, गोसलपुर । जबलपुर जिले के थाना गोसलपुर ने iRAD (इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस) प्रणाली में दुर्घटनाओं के सही तरीके से पंजीकरण और तामील में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 30 अगस्त 2024 को पुलिस अधीक्षक द्वारा इस उपलब्धि पर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह और आरक्षक भरत अवस्थी को विशेष रूप से प्रोत्साहित करने की घोषणा की गई है।
माह अगस्त 2024 तक की अवधि में iRAD और एफ.आई.आर के बीच की गई तुलना में यह देखा गया कि कई थानों में अभी भी iRAD में दुर्घटनाओं का सही तरीके से पंजीकरण नहीं हुआ था। इस संदर्भ में यह निर्देश दिए गए थे कि iRAD में सिर्फ प्रथम फॉर्म भरना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दुर्घटना की पूरी जानकारी और एफ.आई.आर नंबर भी दर्ज करना अनिवार्य है।
थाना गोसलपुर के प्रभारी राजेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ मिलकर इन निर्देशों का सफलतापूर्वक पालन किया, जिससे गोसलपुर थाना iRAD पेंडेंसी को निपटाने में सबसे आगे रहा। उनकी इस कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए पुलिस अधीक्षक ने विशेष सराहना की और थाने के कार्य को उत्कृष्ट मानते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की।
थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह और उनकी टीम के इस प्रयास से न केवल iRAD प्रणाली को सुचारू रूप से लागू करने में मदद मिली है, बल्कि अन्य थानों के लिए भी एक उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने अन्य थानों को भी गोसलपुर थाना से प्रेरणा लेते हुए iRAD प्रणाली में पेंडेंसी को निपटाने के निर्देश दिए हैं।



