एक ही परिवार के तीन लोगो की मौत, पुलिस ने लिया मामला जांच में
रायसेन । जिले के नगर बाड़ी में मंगलवार सुबह एक ह्दय विदारक घटना सामने आई। नगर के वार्ड आठ निवासी एक ने पत्नी और दो बेटों को जहर देकर खुद फंदे पर लटक गया। जिसमें युवक सहित पत्नी और बड़े बेटे की मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा गंभीर है, जिसे भोपाल रेफर किया गया है। युवक की नगर में ज्वेलरी की दुकान है।
जानकारी के अनुसार ज्वेलर्स दुकान संचालक जितेंद्र सोनी ने सोमवार मंगलवार की रात यह आत्घाती कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, अभी तक कारणों का पता नहीं चला है। घटना की जानकारी मिलते ही नगर में सनसनी फैल गई। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 8 निवासी जितेंद्र सोनी उर्फ बंटी ने परिवार सहित आत्महत्या की। इसका पता तब चला जब परिवार के अन्य सदस्यों ने सुबह सात बजे जितेंद्र के छोटे बेटे की कराहने की आवाज सुनी। परिजन कमरा खोलकर अंदर पहुंचे तो, वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी और गंभीर हालत में 10 वर्षीय कार्तिक सोनी को अस्पताल पहुंचया जहां प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया गया। जबकि 35 वर्षीय जितेंद्र सोनी पुत्र धनराज सोनी सहित उसकी पत्नी 32 वर्षीय रिंकी सोनी, 12 वर्षीय बेटा वैष्णव सोनी की मौत हो चुकी थी।
पुलिस मौके पर पहुंचकर मौत के कारणों की पता लगाने का कोशिश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि बड़े पुत्र एवं पत्नी की जहर से मौत हुई है, जबकि जितेंद्र सोनी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। छोटे पुत्र की सुबह 7 बजे के करीब रोने की आवाज सुनकर परिजन नीचे आए और उन्होंने सारा नजारा देखा। फिलहाल परिजन कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं। रायसेन से मौके पर पहुंचे एएसपी अमृत मीणा के निर्देशन में बाड़ी पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनो सहित आस-पास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। तीनो मृतकों के शवों को पीएम के लिए अस्पताल भेजा गया है।



