अगले बरस तू जल्दी आ के साथ श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को दी विदाई

रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। गणेश उत्सव के समापन के पर्व अनंत चतुर्दशी के अवसर पर नगर में श्री गणेश विसर्जन पारम्परिक ढंग से किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर विराजित गणेश प्रतिमाओं को बीना नदी के विसर्जन घाट पर विसर्जित कराकर विघ्न विनाशक गणेश जी को विदाई दी। इस अवसर पर हिन्दू उत्सव समिति द्वारा चल समारोह निकाला गया।
अनंत चतुर्दशी के मौके पर नगर में हिन्दू उत्सव समिति के तत्वाधान में चल समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर दो दर्जन से अधिक गणेश झांकियों ने भागीदारी की। झांकियों के साथ चल समारोह मुख्य मार्ग से होता हुआ टेकापार मंदिर से प्रारंभ होकर, मुख्य बस स्टैंड, नंदनी नगर, बाजार चौक सहित अन्य मुख्य स्थानों पर पहुंचा। चल समारोह का समापन बीना नदी विसर्जन घाट पर हुआ। गणेश झांकियों के साथ श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे जयकारों से पूरा माहौल धर्ममयी हो गया। गणेश विसर्जन के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी की। प्रशासन की ओर से नगर परिषद की टीम ने सुरक्षा इंतजामों के साथ गणेश प्रतिमाओं का बीना नदी के विसर्जन घाट पर विसर्जन कराया। विसर्जन का सिलसिला दोपहर से देर शाम तक चलता रहा।



