शादी में रायता को लेकर हुई मारपीट, चले डंडा लात घुसे, मामला पहुंचा थाने

सिलवानी । एक शादी की पंगत में रायता नही परोसने में इतना विवाद बढ़ा कि लात घुसे, मारपीट, डंडा मारने के बाद मामला थाने पहुंच गया, पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
यह अनौखा पूरा मामला सिलवानी पुलिस थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी जैथारी का है। जानकारी अनुसार 16 जून रविवार की रात्रि में तहसील के ग्राम हतोड़ा में ग्राम रामखिरिया तहसील उदयपुरा से बारात आई थी। रात में बारात लगने एवं वर माला के बाद रात्रि 2 बजे के लगभग बारातियों के लिए पंगत बैठाकर भोजन परोसा जा रहा था। घनश्याम नरवरिया पिता रामप्रसाद नरवरिया उम्र 39 साल निवासी साई रेसीडेंसी कोलार भोपाल अपने भांजे दशरथ की बारात में आए थे भोजन करने बैठे थे कि उनके दोना में रायता नही मिला तो उन्होंने भोजन परोस रहे पप्पू और पर्वत से रायता मांगा तो वह बोले रायता में चूहा गिर गया, फरियादी बोला सब्जी में तो चूहा नही गिर गया, इसी बात को लेकर फरियादी घनश्याम नरवरिया के साथ मोहन, पप्पू, पर्वत, धन्नू अहिरवार निवासी मेहगवा ने मिलकर लात घुसो से मारपीट शुरू कर दी। घटना में फरियादी को सिर, कान, हाथ, घुटना में चोटे आई। सिविल हॉस्पिटल सिलवानी में इलाज हेतु भर्ती हुए और फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस थाना सिलवानी मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।



