आज धूमधाम से विदा होंगे गणपति बप्पा, झांकियों से रोशन होगी रात

हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में निकाला जाएगा चल समारोह
सिलवानी। 10 दिवसीय गणेशोत्सव का समापन आज पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ किया जाएगा। अंतिम दिन गणपति बप्पा को विदाई देने के लिए नगर में चल समारोह निकाला जाएगा, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस चल समारोह में आकर्षक और सुसज्जित झांकियां नगर की गलियों से गुजरेंगी, जो झिलमिलाती रोशनी से नगर को रोशन करेंगी। हर झांकी में अलग-अलग थीम दिखाई देगी, जो धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को दर्शाएंगी।
चल समारोह का मुख्य आकर्षण होंगे अखाड़ों के कलाकार, जो रास्ते में करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित करेंगे।
नगरवासियों में इस अवसर को लेकर खासा उत्साह है। लोग अपने-अपने मोहल्लों में झांकियों और गणेश प्रतिमाओं को सजाकर बप्पा की विदाई की तैयारियों में जुटे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क है, नगर में पुलिस बल तैनात रहेगा।
गणपति बप्पा के जयकारों के साथ चल समारोह का समापन नदी में प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ होगा।

