300 रूपये दो तब मिलेगा पानी, ग्राम पंचायत परसेल का मामला
ग्रामीणों ने सरपंच पर लगाये गंभीर आरोप पंचों ने जनपद सीईओ, तहसीलदार ढीमरखेड़ा को सरपंच के विरुद्ध कार्यवाही के लिए ज्ञापन सौंपा
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । घर-घर पानी पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार के द्वारा जहां विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है ताकि नागरिकों को असानी से पानी मुहैया करवाया जा सके वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत परसेल सरपंच राजेन्द्र खरे के द्वारा पानी के लिये पैसे की वसूली की जा रही है, यह सुनने में थोड़ा अचरज लग रहा होगा लेकिन सत्य है । सोमवार को ग्राम पंचायत परसेल के पंचों ने तहसीलदार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी ढीमरखेड़ा को शिकायत पत्र सौंपते हुए बताया कि विधायक के द्वारा पंचायत को एक पानी का टेंकर दिया गया था जिससे नागरिकों को पानी उपलब्धता करवाया जाता था और जिसके यहां भी कोई कार्यक्रम होता था तो पंचायत नि:शुल्क पानी की व्यवस्था करती थी। चुनाव उपरांत जैसे ही राजेन्द्र खरे सरपंच चुने गये वैसे ही उनके द्वारा टेंकर से पानी देने के लिये ग्रामीणों से पैसों की मांग की जाने लगी और उनके द्वारा प्रत्येक टेंकर के हिसाब से 300 रूपये लिये जा रहे है जिससे ग्रामीण अपने आप को ठगा महसूस कर रहे है।
नल जल योजना योजना में भी घपला
ग्राम पंचायत परसेल में नल जल योजना के तहत पूरे गांव में पाईप लाईन का विस्तार किया गया है जहां पर कनेक्शन के नाम पर सरपंच के द्वारा ग्रामीणों से वसूली की जाती है। इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि कनेक्शन के नाम पर जो पैसे लिये जा रहे है उसकी रसीद भी नहीं दी जाती है । वहीं पूरे ग्राम में गंदगी का अम्बार लगा हुआ है और सरपंच सचिव द्वारा फर्जी बिल लगाकर राशि आहरण कर रहे हैं । पंचों ने अधिकारियों से मांग की है कि ग्राम पंचायत परसेल की जांच कर सरपंच सचिव के विरुद्ध कार्वाही की मांग की है।



