क्राइम

पति-पत्नी के बीच विवाद को सुलझाने गए छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या

ईंट भट्टा मजदूर की संदिग्ध मौत का खुलासा
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
उदयपुरा । रायसेन जिले के थाना उदयपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलारी कला में ईंट भट्टा पर पांच जनवरी को मजदूर धर्मेंद्र केवट की संदिग्ध मौत हुई थी।
इस मामले में पुलिस की जांच पड़ताल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार हत्या का मामला मानकर जांच पड़ताल की और शुक्रवार को हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। युवक धर्मेंद्र केवट गंभीर घायल अवस्था में अपनी झोपड़ी से कुछ दूर पड़ा मिला था। कुछ देर में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने 25 वर्षीय लीलाधर केवट पिता नारायण केवट निवासी ग्राम बांसखेड़ा की सूचना पर घायल धर्मेंद्र को अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर लीलाधर केवट को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। लीलाधर केवट ने पुलिस को बताया कि पांच जनवरी की रात लगभग 9 बजे उसके बड़े भाई धर्मेन्द्र केवट एवं उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। जिसकी आवाज सुनकर वह समझाने गया। बीच-बचाव के दौरान अपने पास रखे डंडे से धर्मेन्द्र के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी लीलाधर केवट को गिरफ्तार कर न्यायालय उदयपुरा में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस अंधे कत्ल का खुलासा करने में टीआई उदयपुरा जयवंत सिंह काकोडिया, उप निरीक्षक केशव शर्मा, आरक्षक लीलाधर पटेल, जितेन्द्र राजपूत, धर्मेन्द्र यादव की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button