गणेश पंडाल में चोरी से मचा हड़कंप, स्कॉर्पियो सवार बदमाश मशीन-माइक सहित सामान ले गए

बम्हनी तिराहा रंगमंच स्थित गणेश पंडाल को बनाया निशाना, सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध स्कॉर्पियो कैद
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । गणेश उत्सव के बीच उमरियापान क्षेत्र में चोरी की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया । इस बार चोरों ने बम्हनी तिराहा स्थित रंगमंच के गणेश पंडाल को निशाना बनाया । गुरुवार सुबह करीब 5 बजे स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे अज्ञात बदमाश पंडाल में रखी मशीन, पेनड्राइव, माइक-लीड सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए । घटना के बाद गणेश उत्सव समिति के सदस्यों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों की पहचान कर चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है ।
जानकारी के अनुसार बम्हनी तिराहा रंगमंच पर गणेश उत्सव समिति द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है । समिति के कुछ युवक रात में पंडाल में ही सो रहे थे । बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे स्कॉर्पियो वाहन से कुछ लोग पंडाल के पास पहुंचे और अंदर रखी सामग्री लेकर वहां से निकल गए । कुछ देर बाद दोबारा आने पर पंडाल में मौजूद युवकों की नींद खुल गई । युवकों के जागने की भनक लगते ही संदिग्ध स्कॉर्पियो सवार मौके से तेजी से फरार हो गए ।
*कई स्थानों के सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध स्कॉर्पियो*
घटना के बाद समिति के सदस्यों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले । समिति के अनुसार बम्हनी स्थित ललित टायर दुकान, कॉलोनी में रमाकांत काछी के यहां, ढीमरखेड़ा एचपी गैस एजेंसी तथा रामपुर कलारी के सामने स्थित चौरसिया होटल के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन दिखाई दिया है । समिति सदस्यों ने संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराते हुए वाहन के आधार पर संदिग्धों की पहचान किए जाने की मांग की है ।
*112 पर सूचना देने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचने का दावा*
समिति के सदस्यों के मुताबिक घटना की जानकारी तत्काल डायल 100/112 पर दी गई थी, लेकिन सूचना के बावजूद पुलिस वाहन तत्काल मौके पर नहीं पहुंच सका । समिति सदस्यों का कहना है कि यदि सूचना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंचती तो आसपास के मार्गों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को पकड़ने में मदद मिल सकती थी । पुलिस के पहुंचने में देरी को लेकर भी समिति सदस्यों ने नाराजगी जताई ।
*चोरी की घटनाओं पर उठे सुरक्षा के सवाल*
गणेश पंडाल में हुई चोरी की घटना के बाद धार्मिक आयोजन स्थलों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं । समिति सदस्यों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने, चोरी गया सामान बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है ।



