वन्य प्राणी शिकार में मांस सहित आरोपी पकड़ाए
गैरतगंज के पड़रियागंज ग्राम का मामला
रिपोर्टर : शानू मंसूरी
गैरतगंज। तहसील के पड़रियागंज ग्राम में वन्य प्राणी का मांस विक्रय करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में बड़ी मात्रा में मांस भी बरामद किया गया है। घटना में शामिल दो मुख्य आरोपी अभी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार तहसील गैरतगंज के गढ़ी वन परिक्षेत्र अंतर्गत आने वाले पड़रियागंज ग्राम में बुधवार देर रात को वन्य प्राणी के मांस बेंचते आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वन अमले को सूचना मिलने पर लगभग 10 किलो वन्य प्राणी का मांस के साथ रघुराज, प्रेमसिंह निवासी पड़रियागंज, राजेश रैकवार निवासी सलैया सिलवानी को पकड़ा। वहीं मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम एवं शिवराज निवासी पड़रिया सूचना मिलते ही फरार हो गए। संभावना जताई गई है कि बरामद मांस काले हिरण का है। रघुराज पिता पुरुषोत्तम आयु 17 वर्ष द्वारा मांस का विक्रय किया जा रहा था। वन परिक्षेत्र अधिकारी धीरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि मांस विक्रय की सूचना पर पड़रियागंज ग्राम पहुंचकर पुरुषोत्तम के घर पर छापामार कार्रवाई की गई है। जिसमें 10 किलो वन्य प्राणी का मांस सहित तीन बाइक, दो मोबाइल, दो कुल्हाड़ी, तराजू बांट मिले हैं। आरोपी रघुराज पिता पुरुषोत्तम आयु 17 वर्ष निवासी पडरियागंज, खरीदार राजेश रैकवार निवासी सलैया तहसील सिलवानी एवं सहयोगी प्रेमसिंह पड़रियागंज को गिरफ्तार किया गया है। मांस विक्रय के मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम एवं शिवराज फरार हो गए हैं।
वन परिक्षेत्र अधिकारी धीरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि मांस का डीएनए कराया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद पता लगेगा कि यह मांस काले हिरण का है या किसी अन्य वन्य प्राणी का है। जानकार सूत्रों ने बताया कि पुरुषोत्तम द्वारा काफी समय से फंदे लगाकर वन्य प्राणियों का शिकार कर बेंचा जा रहा है। वन विभाग पड़ताल में लगा हुआ है।