बरमान घाट नर्मदा में बहे युवक का शव उदयपुरा में मिला
चार दिन पहले दोस्तों के साथ नर्मदा स्नान करने गया था, गहरे पानी में जाने से डूबा था
उदयपुरा । सागर के देवरी का एक 22 वर्षीय युवक नरसिंहपुर जिले के बरमान में नर्मदा नदी में डूब गया था। चौथे दिन शुक्रवार को उसका शव रायसेन जिले के उदयपुरा में नर्मदा नदी के किनारे मिला है। उदयपुरा पुलिस ने शव का पंचनामा बनाया है। परिजन को शव मिलने की सूचना दी गई है। हादसा बरमान में मंगलवार को दीपावली के दूसरे दिन हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य सेन पिता नरेंद्र सेन उम्र 22 साल, निवासी सुखचैन वार्ड देवरी, 21 अक्टूबर को अपने दोस्तों के साथ बरमान में नर्मदा स्नान करने के लिए गया था। जहां नर्मदा में स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से आदित्य सेन डूब गया। दोस्तों ने जब आदित्य सेन को डूबते देखा तो उन्होंने शोर मचाया।
दोस्तों का शोर सुनकर घाट पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने युवक की तलाश की, लेकिन देर रात तक वह नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही बरमान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां SDRF की टीम ने दो दिन सर्चिग की। लेकिन युवक मिला नहीं था। इसी बीच शुक्रवार को युवक का शव उदयपुरा में नर्मदा नदी किनारे मिला है। पुलिस मामले में जांच कर रही।



