क्राइम

कुएं में मिली आरती आदिवासी की मौत का खुलासा, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

झगड़े के दौरान जान से मारने की नीयत से कुएं में धकेलने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा
सिलवानी। थाना सिलवानी क्षेत्र के ग्राम रानीपुरा में खेत के कुएं में मृत मिली 28 वर्षीय आरती आदिवासी की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के अज्ञात कारणों का खुलासा कर आरोपी को महज 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, महिला की मौत हादसा नहीं बल्कि झगड़े के दौरान कुएं में धकेले जाने से हुई थी।
जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को ग्राम रानीपुरा निवासी आरती आदिवासी, उम्र 28 वर्ष, अपने पिता प्रीतम सिंह आदिवासी के खेत में बने कुएं में मृत अवस्था में मिली थी। सूचना मिलने पर सिलवानी पुलिस ने मर्ग कायम कर प्राथमिक कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम कराया।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए घटनास्थल के आसपास के लोगों एवं साक्षियों से पूछताछ की। साक्षियों के कथन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच आरती और उसके पति प्रदीप रघुवंशी के बीच कुएं के पास झगड़ा और झूमाझटकी हुई थी।
पुलिस जांच के अनुसार, विवाद के दौरान प्रदीप रघुवंशी ने कथित रूप से आरती को जान से मारने की नीयत से कुएं में धकेल दिया। पानी में डूबने से आरती की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले में पुलिस ने आरोपी प्रदीप रघुवंशी पिता देवेन्द्र सिंह रघुवंशी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम वेगवाकलां, थाना सिलवानी के विरुद्ध धारा 103(2) बीएनएस एवं धारा 3(2)(वी) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एसडीओपी के मार्गदर्शन में विशेष टीम ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर एसडीओपी सिलवानी कुंवर सिंह मुकाती के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप रघुवंशी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मृतिका की मौत के पीछे छिपे कारणों का खुलासा होने के साथ ही मामले में आरोपी की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित हुई।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में एसडीओपी कुंवर सिंह मुकाती, थाना प्रभारी निरीक्षक संजीत परते, सहायक उप निरीक्षक कृष्णपाल चंदेल, प्रधान आरक्षक अजीत राय, राजेश गौतम, आरक्षक अरविन्द, विक्रम एवं सैनिक अजय राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button