मध्य प्रदेश
खेत में सिंचाई कार्य करने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत
ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
गैरतगंज। तहसील के बेहरा गांव निवासी एक किसान के युवा पुत्र की अपने खेत में सिंचाई की मोटर का तार जोड़ते समय करंट लगने से मौत हो गई है। जिस समय यह दुर्घटना घटी उस समय किसान का पुत्र अपने खेत में अकेला था। जानकारी के अनुसार बेहरा गांव निवासी किसान पुत्र 28 वर्षीय युवक अमजद मीर पिता असगर मीर की मंगलवार की सुबह गाँव के पास स्थित अपने खेत में सिंचाई करने के लिए मोटर के तार जोड़ते समय बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे की बताई जा रही है। घटना का पता चलने के बाद मृतक के भाई अजहर मीर ने परिजनों एवं पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



