एक नेत्रदान और एक देहदान संपन्न

विदिशा । जिले में लगभग 10 वर्ष पहले देहदानी विकास पचौरी द्वारा शुरू किये गए देहदान एवं नेत्रदान जाग्रति मिशन के अव सफल परिणाम आने लगे है। बुधवार को विदिशा में एक देहदान एवं एक नेत्रदान संपन्न हुआ।
विठ्ठल नगर विदिशा में स्थित अपना घर आश्रम जहाँ मानसिक विक्षप्त एवं निराश्रित प्रभु जी की सेवा की जाती है इनमें एक प्रभु जी की मृत्यु होने पर स्थानीय अटल बिहारी मेडिकल कालेज में इनकी पार्थिव देह का दान किया गया। एनाटामी हाल में श्रद्धाजलि सभा आयोजित कर मेडिकल कालेज के सभी छात्र छात्राओं के अलाबा डीन मनीष निगम, अधीक्षक डॉ अविनाश लाघवे , विभागाध्यक्ष एनाटोमी विभाग डॉ रश्मि देवपुजारी, चेयरमैन मेडिकल स्टूडेंट वेलफेयर डॉ विवेक चौकसे, विभागाध्यक्ष फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग डॉ नरेंद्र पटेल सहित अपना घर आश्रम के अध्यक्ष डॉ. जी. के. महेश्वरी कोषाध्यक्ष घनश्याम डागा, सेवक कृष्णकुमार एवं समाजसेवी विकास पचौरी ने पुष्पांजली अर्पित की और मौन रहकर सभी ने आत्म शांति की प्रार्थना की
दो नेत्र ज्योति दे गईं श्रीमती सरिता मानोरिया
बीते दिवस मंगलवार की शाम को इंद्रा काम्पलेक्स विदिशा निवासी वरिष्ठ पत्रकार अशोक मानोरिया की धर्मपत्नि एवं एसएटीआई प्रोफेसर आशीष मानोरिया की मां श्रीमति सरिता मानोरिया का निधन हो गया। श्रीमति सरिता द्वारा पूर्व में लिए गए नेत्रदान संकल्प को पूरा करने मानोरिया परिवार द्वारा समाजसेवी विकास पचौरी से संपर्क किया गया और देर रात तक यह नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी हो सकी। श्रीमति सरिता मानोरिया ने बीते वर्ष मृत्यु उपरांत नेत्रदान का संकल्प पत्र भरा था और अपनी नेत्रदान वसीयत में लिखा था कि मेरी मृत्यु उपरांत मेरे नेत्रों का दान कर दिया जावे। इस नेत्रदान की प्रक्रिया को जिला चिकित्सालय सिविल सर्जन डा. शिरीष रघुवंशी के निर्देशन में वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. राकेश साहू, सिस्टर मनीषा, दुर्गा अमारे द्वारा पूरा किया गया। नेत्रदान उपरांत समाजसेवी अतुल शाह और शांता स्मृति हॉस्पिटल के संचालक डा. पियूष सक्सेना के सहयोग से नेत्रों को सेवा सदन बैरागढ़ भेजा दिया गया। समाजसेवी विकास पचौरी ने बताया कि विदिशा जिले में नेत्रदान एवं देहदान की जागरूकता बीते वर्षों में बढ़ी है और नेत्रदान और देहदान का संकल्प पत्र भरने कई लोग अब आगे आ रहे हैं। यह संकल्प प्रक्रिया पूर्णत: निशुल्क है। सिर्फ दो पासपोर्ट साईज एवं आधार कार्ड लाना आवश्यक है। शेरपुरा विदिशा में स्थित सेवाघर आकर नेत्रदान और देहदान का संकल्प पत्र भरने संपर्क किया जा सकता है ।




