ट्रैक्टर एवं बोलेरो वाहन की आमने सामने टक्कर, चार घायल
रिपोर्टर : नसीम अली
रायसेन । भोपाल-विदिशा हाइवे-18 पर स्थित फैक्ट्री चौराहा पर शुक्रवार रात 9 बजे ट्रैक्टर-ट्राली और बोलेरो जीप में आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें ट्रैक्टर पर सवार चार लोग घायल हो गए। बोलेरो एमी-09 सीबी 4596 विदिशा से भोपाल जा रही थी, जैसे ही फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज गिरिराज ढाबा के पास पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली में घुस गई। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे सतीश साहू, पूरन मालवीय, नर्मदा साहू, धनराज अहिरवार और फैजल खान घायल हो गए। ट्रैक्टर-ट्राली सवार युवक जमुनिया गांव से अंबाडी वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घायलों में सतीश साहू और पूरन साहू के सिर में चोट लगी जबकि नर्मदा साहू के पैर में चोट आई है, वहीं धनराज अहिरवार को मामूली सी चोट लगी और फजल खान के हाथ में फ्रेक्चर हो गया। घटना के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए हॉस्पिटल भेजा गया जबकि फैजल खान को फ्रेक्चर होने के कारण भोपाल रेफर किया गया।
रोजाना हो रहे हादसे, फिर भी सुरक्षा के नहीं हैं इंतजाम: बता दें कि भोपाल-विदिशा हाइवे-18 पर हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं, रोजाना कहीं न कहीं इस रोड पर हादसे हो रहे हैं। कुछ दिन पहले ही तीन पत्रकारों की मौत इसी हाइवे पर हुई थी, वहीं बालमपुर घाटी पर आए दिन वाहन पलट रहे हैं। एमपीआरडीसी द्वारा इस रोड को कब तक फोरलेन में तब्दील किया जाता है, यह तय नहीं है। अगर इस रोड को जल्द ही फोरलेन में तब्दील नहीं किया जाता है तो दुर्घटनाएं दिनोंदिन बढ़ती रहेंगी।



