क्राइम

तीन तलाक़ की शिकायत कराने 15 दिन से भटक रहीं थी महिला, महिला थाने में दर्ज नही हुई शिकायत

एसपी के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली थाना पहुंचा मामला
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया

उमरियापान । केंद्र सरकार ने भले ही तीन तलाक के खिलाफ कानून लाकर तीन तलाक पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी हो लेकिन यह सामाजिक कुरीति अभी भी समाज में कायम है। 15 दिन पहले कोतवाली थाना क्षेत्र की एक महिला को उसके पति ने मारपीट करने के बाद घर से निकालते हुए तलाक, तलाक, तलाक कह कर उसे अपने जीवन और घर से बाहर निकाल दिया। मारपीट और तीन तलाक का शिकार होने के बाद महिला अपनी शिकायत लेकर पुलिस के सामने गिड़गिड़ाती रही लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। महिला जब तीन तलाक की शिकायत लेकर महिला थाने पहुंची तो वहां पर मौजूद थाना प्रभारी ने उसकी शिकायत तक दर्ज करना उचित नहीं समझा । थक हार कर पीड़ित महिला पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के पास जा पहुंची। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में संबंधित थाने को महिला का मुलाहजा कहकर अग्रिम कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस के द्वारा पीड़ित महिला को महिला परामर्श केंद्र भेजा गया। जहां पर दो पेशी करने के बाद उसने पति के साथ तलाक हो जाने के कारण रहने से इनकार करते हुए कार्यवाही की मांग रखी। आज एक बार फिर पीड़ित महिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची जहां पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने कोतवाली थाना प्रभारी को महिला की शिकायत दर्ज करने के निर्देश दिए। एसपी के हस्तक्षेप के बाद आज 4 अप्रैल की देर रात महिला की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज की गई ।
15 दिन से भटक रही महिला
विश्वत सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अहमदनगर निवासी एक महिला को बीते 14 15 मार्च की देर रात लगभग 1:30 बजे उसके पति ने बेरहमी से पीटा। बताया जाता है कि पति ने महिला को लात घूसों, डंडे व पर्दे की रॉड से इस कदर मारा की महिला के कमर की हड्डी तक चोटिल हो गई। मारपीट करने के बाद रात में ही पीड़ित महिला के पति ने तलाक तलाक तलाक कहते हुए उसे तलाक देकर अपने घर से धक्के मार कर निकाल दिया।
शिकायत दर्ज कराने भटकती रही महिला
बताया जाता है कि पति द्वारा घर से निकाले जाने के बाद महिला ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने मायके पक्ष को दी। घटना के बाद वह शिकायत लेकर संबंधित थाने पहुंची लेकिन वहां पर तीन तलाक का मामला दर्ज करने के बजाय धारा 155 के तहत कार्यवाही करते हुए महिला को वहां से चलता कर दिया गया। इसके बाद महिला अपनी शिकायत महिला थाने लेकर पहुंची जहां पर मौजूद अधिकारी ने उसकी एक न सुनी और कई दिनों तक शिकायत दर्ज कराने के लिए उसे थाने के चक्कर लगवाती रही ।
परामर्श केंद्र भी गई
महिला थाने में शिकायत दर्ज नहीं होने के बाद पीड़ित महिला पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के पास पहुंची जहां पर एसपी के निर्देश के बाद महिला का मुलायजा कराया गया और पति-पत्नी के बीच सुलह कराने के लिए उन्हें परिवार परामर्श केंद्र भी भेजा गया। परिवार परामर्श केंद्र में दो पेशियां करने के बाद पीड़ित महिला ने तलाक हो जाने के कारण पति के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया और उसने कार्यवाही की मांग रखी । इसके बाद पीड़ित महिला एक अधिवक्ता की मदद से दोबारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची जहां पर उसने तीन तलाक का प्रकरण दर्ज कराए जाने की फिर से मांग की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिजीत कुमार रंजन ने तत्काल ही कोतवाली थाना प्रभारी आशीष शर्मा को महिला का प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद देर रात महिला के बयान दर्ज करते हुए अग्रिम कार्यवाही प्रारंभ की जा सकी।

Related Articles

Back to top button