फूड इंस्पेक्टर 30 हजार की रिश्वत लेते लोकायुक्त ने पकड़ा
ब्यूरो चीफ : सतीश चौरसिया
कटनी। सोमवार को जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम बड़ी कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी संतोष नंदनवार को 30 हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी कलेक्ट्रेट स्थित खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में पदस्थ है। इस संबंध मे जानकारी सामने आते ही कटनी के कलेक्ट्रेट भवन में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के संबंध में शिकायतकर्ता बड़ागांव निवासी राजकुमार बर्मन ने बताया कि उसकी पत्नी रमा बर्मन सहायता समूह का संचालन करती है। बड़ागांव पंचायत में कोई राशन की दुकान नहीं है, ऐसे में यहां दुकान का संचालन शुरू कराने के लिए विभाग ने समूहों से आवेदन मंगवाए।
जिसके बाद दुकान संचालन को लेकर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी की ओर से अनाज वितरण का काम देने के लिए 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई। शिकायतकर्ता राजकुमार के अनुसार काफी बातचीत के बाद ये सौदा 30 हजार में तय हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद उनकी ओर से कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी संतोष नंदनवार द्वारा घूस मांगने की शिकायत लोकायुक्त जबलपुर में की गई।
लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को अपनी योजना के अनुसार राजकुमार को पैसा देकर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी संतोष नंदनवार के पास भेजा। वहीं जैसे ही राजकुमार ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को रिश्वत के पैसे दिए वैसे ही लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।



