जान बचाने के लिए सड़क पर खोदे गए गड्डे ही बन रहे जान के दुश्मन
रिपोर्टर : रवि राय
जमुनिया। राजमार्ग 44 गैरतगंज गाडरवारा पर स्थित ग्राम जमुनिया में प्रशासन द्वारा एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद गुस्साए ग्रामीणों द्वारा चक्काजाम किए जाने के बाद ग्रामीणों की मांग पर मुख्य सड़क पर तीन स्थानों पर सड़क को खोदकर अस्थाई स्पीड ब्रेकर का निर्माण किया गया था जो आज जान बचाने की वजह की हादसे का कारण बन रहे है।
ज्ञातव्य हो कि कुछ माह पूर्व ग्राम उचेरा जमुनिया में एक सड़क दुर्घटना हो गई थी जिसमें ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था। ग्रामीणों की मांग और दबाव के चलते प्रशासन द्वारा स्टेट हाईवे क्रमांक 44 गैरतगंज गाडरवारा मार्ग पर जमुनिया ग्राम में सड़क पर तीन स्थानों पर ब्रेकर बनवाने के लिए गड्ढे तो खोद दिए गए थे । जो आज हादसे का कारण बन रहे है। सड़क खोदने के बाद से आज तक ना तो ब्रेकर का निर्माण किया गया और ना ही उन गडढ़ों को समतल किया गया है जिसमें आए दिन उन गडढ़ों पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते होते बचते हैं और कुछ वाहनों में तो बहुत नुकसान हो जाता है जिसका खामियाजा वाहन मालिक को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि शासन या तो इन गडढ़ों पर ब्रेकर बनवा दे या फिर समतल करवा दे जिससे की किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।



