समर्थन मूल्य पर चना, मसूर एवं सरसों खरीदी हेतु पंजीयन प्रारम्भ

रायसेन । मप्र शासन के निर्देशानुसार जिले में विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर चना, मसुर एवं सरसों खरीदी के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। उप संचालक कृषि एनपी सुमन ने बताया कि 6 फरवरी से किसानों के पंजीयन शुरू हो गए हैं, जो कि 28 फरवरी तक किए जाएंगे। जिले में गेहूॅ हेतु निर्धारित पंजीयन केन्द्रों पर ही चना, मसूर एवं सरसों के पंजीयन भी किए जा रहे हैं। जिले में सहकारी समितियों, एम किसान एप, विपणन संस्थाओं के पंजीयन केंद्र पर निशुल्क पंजीयन किया जा रहा है। इनके अतिरिक्त कियोस्क और एमपी ऑनलाइन पर भी पंजीयन किए जा रहे हैं।
समर्थन मूल्य में की बढ़ोतरी
उप संचालक कृषि ने बताया कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य में बढ़ोत्तरी की गई है। इस बार समर्थन मूल्य चना फसल हेतु 5335 रुपए प्रति क्विंटल, मसूर फसल हेतु 6000 रुपए प्रति क्विंटल एवं सरसो फसल हेतु 5450 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।



