अतिथि शिक्षकों को दो माह से नहीं मिला मानदेय
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेडा विकासखंड अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में कार्यरत करीब सात सौ अतिथि शिक्षकों को करीब दो माह से मानदेय नहीं मिला। जिससे अतिथि शिक्षक आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं। अतिथि शिक्षकों ने बताया कि उन्होंने जुलाई माह से स्कूलों में ज्वाइनिंग देते हुए कार्य प्रारंभ दिया था। लेकिन अब तक मानदेय नहीं मिला है। इस संबंध में बीते सप्ताह अतिथि शिक्षकों द्वारा वेतन विसंगतियों एवं मानदेय भुगतान के संबंध में बीईओ ढीमरखेडा को ज्ञापन भी सौंपा गया था। इस पर बीईओ द्वारा दो दिनों में निराकरण का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया। और अब कहा जा रहा है जुलाई माह का मानदेय बिल जनरेट नहीं किया जाएगा। इस बात से अतिथि शिक्षक बेहद परेशान हैं। अतिथि शिक्षकों ने कलेक्टर का इस ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए जुलाई व अगस्त माह का मानदेय भुगतान कराये जाने की मांग की है।



