अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौके पर मौत, एक घायल

अंधा मोड़ के साथ झाड़ियां बन रही हादसे का कारण
सिलवानी। शनिवार की रात्रि लगभग 1 बजे आमापानी के पास मोड़ पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर दी जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिन्हें सिविल हॉस्पिटल सिलवानी लाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजमार्ग 44 गैरतगंज गाडरवारा पर सिलवानी से महज 1 किमी दूर आमापानी कला के पास मोड़ पर भोपाल की ओर से आ रही टीवीएस बाइक पर दो युवक सवार थे, जिन्हें अज्ञात वाहन की आमने सामने जोरदार भिंडत हो गई। जिससे बालमुकुंद विश्वकर्मा पिता दामोदर उर्फ दम्मू विश्वकर्मा उम्र 25 साल निवासी खैरी टडा जिला सागर की घटना स्थल पर मौत हो गई। वहीं ब्रजेश विश्वकर्मा पिता मनोहर विश्वकर्मा उम्र लगभग 25 साल निवासी खैरी टडा जिला सागर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का सिविल हॉस्पिटल सिलवानी में इलाज किया जा रहा है। बताया जाता है कि दोनों युवक भोपाल से अपनी बाइक से शादी समारोह में सम्मिलित होने के लिए अपने ग्राम जा रहे थे। मृतक का पोस्टमार्टम रविवार की सुबह कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
सिलवानी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
ग्रामीणों ने बताया रोड पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। हर साल यहाँ बारिश के बाद झाड़ियां उग आती हैं और लोगों को परेशानी झेलना पड़ती है। क्षेत्रवासियों ने कहा इस रोड पर स्पीड ब्रेकर भी नहीं है। इस कारण वाहन तेज रफ्तार से गुजर रहे हैं। ऐसे में हादसे का अंदेशा और बढ़ जाता है। यहां कई हादसे हो चुके हैं। घटना स्थल पर मोड और झाड़िया होने से कुछ भी नही दिखता है। नागरिकों ने झाड़ियों की छंटनी कराने के साथ यहां स्पीड ब्रेकर भी बनाए जाना चाहिए। कई बार तेज रफ्तार बाइक सवार रोड किनारे खेतों में गिर चुके हैं। स्पीड ब्रेकर बना दिए जाए तो वाहनों रफ्तार कम होगी।



