क्राइम

पत्नी ने व्रत रख अपने सुहाग की कामना की और पति ने करंट लगाकर उसे मार डाला

नानाखेड़ी गांव की घटना, पूजा के बाद पति-पत्नी में हुआ था विवाद
ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
रायसेन । रायसेन जिले के नानाखेड़ी गांव में पति पत्नी के रिश्ते को कलंकित करने वाला सनसनी खेज मामला प्रकाश में आया। जहां पति ने ही अपनी पत्नी को करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया।
मामला करवा चौथ के दिन पति ने अपनी पत्नी को करंट लगाकर मार डाला। हत्या करने का कारण पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। जिस दिन पति ने पत्नी की हत्या की, उस दिन पत्नी ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था और पूजा अर्चना भी की थी। पूजा करने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, तो पति ने पत्नी को करंट लगा दिया। मृत महिला के छोटे भाई अभिषेक गोहाटिया ने पुलिस को बताया कि जीजा ने उसकी दीदी को करंट लगाकर मार दिया। नूरगंज पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अभिषेक ने बताया कि रक्षा दीदी कंपनी से काम करके शाम 6 बजे आई थीं। इसके बाद पड़ोस वाले घर के जीजा के साथ करवा चौथ की पूजा अर्चना करने के लिए गई थीं, वहां से पूजा-अर्चना करने के बाद रात में दीदी रक्षा और जीजा सुनील दानवारे लौट आए थे। दीदी ने करवा चौथ की पूजा के दौरान उससे कहा था कि उनके फोटो खींच देना। दीदी और जीजा अपने घर के अंदर चले गए। जब वह फोटो खींचने के लिए घर पहुंचा तो गेट बंद था। उसने आवाज भी लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं आने पर वह घर लौट आया। जब वह आधे घंटे बाद फिर से दीदी के घर पहुंचा तो उसने फिर से आवाज लगाई, तब जीजा ने कहा कि पांच मिनट रुको गेट खोलता हूं। वह गेट के बाहर काफी देर तक खड़ा रहा, लेकिन गेट नहीं खुला। घर के अंदर से पानी बहकर निकला तो उसे कुछ शक हुआ। उसने खिड़की से देखा तो दीदी को जीजाजी तारों से करंट लगा रहे थे। शोर मचाकर आसपास के लोगों को वहां पर एकत्रित कर लिया। गेट नहीं खुलने पर मकान की चादर हटाकर घर में घुसने लगा तो जीजा बाहर निकल कर भागने लगे, लेकिन घर के बाहर मौजूद पड़ोसियों ने उन्हें पकड़ लिया। दीदी घर के अंदर बेसुध पड़ी थी। इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस भी मौके पर आ गई थी। जीजा को पुलिस के हवाले कर दिया। दीदी को अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में अशोक गौर, एएसआई नूरगंज थाना का कहना है कि पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी की करंट लगाकर हत्या कर दी है। महिला के पति सुनील दानवारे को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे कोर्ट में पेश किया गया है।

Related Articles

Back to top button