गाय से टकराकर जमुनिया पुल पर पलटी कार, चालक की मौत

दोस्त की कार लेकर इंदौर से बिहार जा रहा था युवक
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
देवरी | गुरुवार की सुबह चार बजे के करीब एक कार नेशनल हाइवे-45 जमुनिया पुल पर गाय से टकरा कर पलट गई, जिसमें चालक की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस ने बताया कि कार चालक पहले गाय से टकराया। इसके बाद पुल पर बनी सीमेंट की बाउंड्रीवाल से टकराया गया, जिससे उसका सिर टकरा गया। सिर में गंभीर चोट के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के सीतामढ़ी जिले के सौनबरसा तहसील के सरबरपुर गांव के रहने वाले दीपक कुमार पिता विनोद कुमार अपने दोस्त की बलेनो कार लेकर इंदौर से बिहार किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे। इसी बीच जमुनिया पुल पर खड़ी गाय से टकरा गया, जिससे कार पलट गई। इसमें चालक दीपक कुमार की मौत हो गई। थाना प्रभारी हरिओम अस्ताया ने बताया कि जानकारी लगने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर बुलाया और शव का पोस्टमार्टम कर उनके सुर्पद किया। इसके बाद प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



