बस ने बाइक को कुचला, बाइक सवार पिता सहित दो बेटो की मौत, बेटी गंभीर घायल
उदयपुरा । बुधवार की रात्रि में राजमार्ग 44 पर उदयपुरा सिलवानी के ग्राम विजनहाई के पास शक्ति बस ने मोटर साइकिल सवार एक ही परिवार 4 सदस्यो को कुचल दिया, जिसमे पिता और दो पुत्रों ने घटना स्थल पर दम तोड़ा । जबकि बेटी को गंभीर अवस्था में भोपाल रैफर किया गया है।
घटना बुधवार की रात्रि 8 बजे की बताई जा रही है। शक्ति कंपनी विदिशा की यात्री बस बहुत तेज रफ्तार में थी।
यात्री बस विदिशा से उदयपुरा जा रही थी तभी राजमार्ग 44 के ग्राम विजनहाई के पास ही हुआ हादसा।
उदयपुरा थाना प्रभारी व्हीएस सेंगर ने बताया कि उदयपुरा से 5 किलोमीटर दूर ग्राम विजनहाई के पास शक्ति बस सर्विस की बस क्रमांक एमपी 40 पी 0141 और मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 38 एमओ 4229 के बीच एक्सीडेंट हुआ है। विजनहाई निवासी संतोष शर्मा आत्मज नेतराम शर्मा उदयपुरा से अपने पैतृक गांव विजनहाई मोटर साइकिल से जा रहे थे। एक ही बाइक पर चारों लोग बैठे थे। सिलवानी की ओर से शक्ति बस सर्विस की बस आ रही थी। बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें संतोष शर्मा पिता नेतराम शर्मा 45 वर्ष और उसके दोनों बेटे अंश शर्मा 7 वर्ष एवं ओम शर्मा 5 वर्ष की मौत हो गई। जबकि पुत्री प्रियांशी शर्मा 12 वर्ष घायल हो गई, जिसे एंबुलेंस से रायसेन रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही उदयपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सड़क पर पड़े शवों को उठवा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। एक्सीडेंट के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। एक्सीडेंट के बाद दूसरी तरफ से वाहनों के निकलने की व्यवस्था बनाई गई।



