कार से 10 पेटी अवैध शराब जब्त, आरोपी फरार

कुम्हारी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जिला ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। कुम्हारी थाना पुलिस ने गुरुवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। जब्त की गई शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 4 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे ने बताया कि उन्हें मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक कार में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार क्रमांक MP20 CE 0679 को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार के भीतर से देसी शराब की 10 पेटियां एवं 29 पॉलिथीन में भरी अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी मौके से जब्त कर लिया।
आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। जब्त अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये, जबकि जब्त कार की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में मुख्य आरोपी अनिल राजपूत, निवासी ग्राम देवरी रतन, थाना कुम्हारी एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



