महाविद्यालय के सात दिवसीय एनएसएस शिविर में नशा मुक्ति व साइबर अपराध पर जागरूकता कार्यक्रम

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । मां वीरासन देवी मंदिर दरबार परिसर में संचालित सिलौंडी महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस अवसर पर सिलौंडी पुलिस चौकी प्रभारी अनिल पांडे ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति एवं साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
चौकी प्रभारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह व्यक्ति के भविष्य और परिवार दोनों को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें और जीवन में सफलता प्राप्त करें।
साइबर अपराध विषय पर जानकारी देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव, ओटीपी साझा न करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने करियर निर्माण पर विशेष ध्यान देने की प्रेरणा दी गई। उन्होंने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और जागरूकता ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल सोशल मीडिया प्रभारी धीरज जैन, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. लक्ष्मी प्रसाद बागरी, प्राचार्य डॉ. रति राम अहिरवार, डॉ. हेमंत चौरसिया, आरक्षक रामसेवक विश्वकर्मा एवं डायल 112 के पायलट शेर सिंह सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शिविर के अंतर्गत प्रतिदिन सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनसे विद्यार्थियों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो रही है।



