मध्य प्रदेश

धूप में इंतजार को मजबूर ‘लाडली बहना, प्रसाधन न होने से बढ़ी परेशानी

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया

उमरियापान । सिलौंडी बस स्टैंड में बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने यात्रियों, खासकर महिलाओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां यात्री प्रतीक्षालय और प्रसाधन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण महिलाएं तेज धूप में बैठकर बस का इंतजार करने को मजबूर हैं । गर्मी के इस मौसम में हालात और भी गंभीर हो गए हैं, जिससे बुजुर्ग और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है ।बस स्टैंड पर मौजूद सुलोचना बाई, रानी बाई और कुसुम बाई ने बताया कि उन्हें एक शादी समारोह में शामिल होने कटनी जाना है, लेकिन बस के देरी से आने के कारण उन्हें घंटों धूप में इंतजार करना पड़ रहा है । उन्होंने बताया कि बैठने के लिए पर्याप्त छायादार स्थान नहीं है, जिससे थकान और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ रहा है ।महिलाओं ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या प्रसाधन की सुविधा न होना है । इसके चलते उन्हें अत्यंत असहज और शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ता है । मजबूरी में कई बार उन्हें सड़क किनारे जाना पड़ता है, जो उनकी गरिमा और सुरक्षा दोनों के लिए चिंता का विषय है । महिलाओं का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इस ओर किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया।स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि बस स्टैंड पर पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं है और सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है । यात्रियों को न तो बैठने के लिए पर्याप्त बेंच मिलती हैं और न ही बारिश या धूप से बचाव के लिए शेड उपलब्ध है । इससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है ।यात्रियों ने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि शासन-प्रशासन में जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या से अवगत होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं । उन्होंने मांग की है कि सिलौंडी बस स्टैंड पर जल्द से जल्द यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाए और महिला-पुरुष प्रसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।स्थानीय लोगों ने प्रशासन इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button