ढीमरखेड़ा जनपद के नवीन भवन के लिए 5.25 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति

जनपद अध्यक्ष के अथक प्रयासों से मिली नई बिल्डिंग
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा जनपद भवन की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए जनपद अध्यक्ष सुनीता दुबे द्वारा लगातार पंचायत मंत्री, प्रभारी मंत्री, क्षेत्रीय विधायक एवं कलेक्टर को पत्राचार करते हुए ध्यान आकर्षित कराते रहे अंततः ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत को नया भवन मिलने जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने नवीन भवन निर्माण के लिए 5 करोड़ 25 लाख 67 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के प्रयासों से यह स्वीकृति मिली है । जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता दुबे ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल और क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह का आभार जताया है।
नए भवन में आधुनिक तकनीकी सुविधाएं होंगी। इससे सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन आसान होगा। पंचायत की कार्यप्रणाली पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। क्षेत्र की जनता को ग्राम विकास और जनकल्याण के कार्यों में सहूलियत मिलेगी।
जनपद अध्यक्ष सुनीता दुबे ने कहा कि विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की विकास परक सोच से ढीमरखेड़ा में लगातार नई योजनाएं आ रही हैं। उन्होंने भविष्य में और भी विकास कार्यों का भरोसा दिलाया ।
जनपद अध्यक्ष सुनीता दुबे ने बताया कि अभी जनपद भवन की समस्त गतिविधियां शिक्षा विभाग के भवन से संचालित हो रही है। यह भवन भी जर्जर हालत में है। इस भवन में कार्यालयों की कमी के चलते भवन के शौचालयों को तोड़कर अधिकारियों बैठने के लिए स्थान बनाया गया है एवं लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है, लेकिन नया भवन बनने से अधिकारियों एवं ग्रामीण जनों को सुविधा होगी। ढीमरखेड़ा क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह का बहुत बहुत धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप यूं ही ढीमरखेड़ा क्षेत्र में विकास की गंगा बहाते रहे।



