दो महिलाओं को जिंदा गाड़ने की कोशिश:जमीन के झगड़े में डंपर से मुरम डाली

एक गले तक, दूसरी कमर तक दबी
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के क्षेत्र का मामला, आरोपी फरार
रीवा। एमपी के रीवा में जमीन के झगड़े में एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष की दो महिलाओं को जिंदा गाड़ने की कोशिश की। आरोपियों ने डंपर से महिलाओं पर मुरम डाल दी। इससे एक महिला कमर तक और दूसरी गले तक मुरम के ढेर में दब गई। बाद में फावड़े से मुरम हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया। एक महिला बेहोश हो गई।
मामला मनगवां थाना इलाके के गंगेव चौकी गांव का है। शनिवार को यह विवाद हुआ। इसका वीडियो सामने आया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक लाल का कहना है कि महिलाएं विरोध कर रही थीं। डंपर से मुरम पलटी कर दी, जिसमें दो महिलाएं दब गईं। जांच कर रहे हैं।
दोनों पक्षों में पारिवारिक झगड़ा
दोनों पक्षों का पारिवारिक जमीन का विवाद है। दोनों के घर आसपास हैं। गोकर्ण प्रसाद पांडेय और महेंद्र प्रसाद पांडेय रास्ता बनाना चाह रहे थे। जीवेश कुमार पांडेय और शिवेश कुमार पांडेय उन्हें रोक रहे थे। इसी दौरान विवाद हुआ। पहले मारपीट हुई। इसके बाद ममता पांडेय पत्नी जीवेश और आशा पांडेय पत्नी शिवेश के ऊपर मुरम डाल दी। गोकर्ण और महेंद्र के कहने पर मढ़ी गांव का ट्रक मालिक राजेश सिंह मुरम लेकर आया था।



