मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री ने जिले के डेढ़ लाख से अधिक किसानों के खातों में अंतरित किए

30 करोड़ 42 हजार रू जिला पंचायत अध्यक्ष तथा कलेक्टर ने किसानों दो-दो हजार रू के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए

रिपोर्टर : शिवलाल यादव, रायसेन।
रायसेन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना के तहत रायसेन सहित प्रदेश के 44 जिलों के 77 लाख किसानों के खातों में सिंगल क्लिक से 1540 करोड़ रू राशि अंतरित की गई। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा रायसेन जिले के 150021 किसानों के खातों में भी दो हजार रू प्रति किसान के मान से 30 करोड़ 42 हजार रू की अंतरित की गई। रायसेन में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता किरार, कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे सहित अन्य अधिकारियों एवं किसानों द्वारा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया।
एनआईसी कक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता किरार तथा कलेक्टर दुबे द्वारा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत हितग्राही किसान पर्वत सिंह, कमल सिंह, महेन्द्र सिंह, रतन सिंह तथा गंगाराम को दो-दो हजार रुपये की राशि के चेक प्रतिकात्मक रूप से प्रदान किए गए। जिले में वर्तमान में 157916 पात्र किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा सिंगल क्लिक से जिले के 150021 किसानों के खातों में 30 करोड़ 42 हजार रू की राशि अंतरित की गई है इसमें रायसेन तहसील के 24564 किसानों के खातों में 49128000 रू, गैरतगंज तहसील के 15990 किसानों के खातों में 31980000 रू, सिलवानी तहसील के 17776 किसानों के खातों में 35552000 रू, बेगमगंज तहसील के 20069 किसानों के खातों में 40138000 रू अंतरित किए गए हैं। इसी प्रकार उदयपुरा तहसील के 12264 किसानों के खातों में 24528000 रू, देवरी तहसील के 8667 किसानों के खातों में 17334000 रू, बरेली तहसील के 17144 किसानों के खातों में 34288000 रू, बाड़ी तहसील के 11582 किसानों के खातों में 23164000 रू, गौहरगंज तहसील के 16640 किसानों के खातों में 33280000 रू तथा सुल्तानपुर तहसील के 5325 किसानों के खातों में 10650000 रू अंतरित किए गए हैं।
किसानों को डीएपी के स्थान पर एनपीके उर्वरक का उपयोग करने की सलाह
कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे द्वारा एनआईसी कक्ष में उपस्थित किसानों से चर्चा करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने तथा खेती से संबंधित चर्चा की। उन्होंने किसानों से कहा कि प्रशासन द्वारा जिले में पर्याप्ता मात्रा में रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। कलेक्टर दुबे ने किसानों से कहा कि बुवाई में डीएपी के स्थान पर एनपीके मिश्रित खाद व एसएसपी सुपर फास्फेट उर्वरक का भी उपयोग कर सकते हैं। एनपीके उर्वरक में तीनों तत्व पाए जाते हैं तथा उपज की गुणवत्ता भी अच्छी होती है। उल्लेखनीय है कि डीएपी के बैग में फास्फोरस 23 किलोग्राम व नाइट्रोजन 9 किलोग्राम होता है तथा कीमत 1200 रू है। जबकि तीन एसएसपी बैग व एक बोरी यूरिया की कीमत 1166 रूपए आती है और इसमें 24 किलोग्राम फास्फोरस, 24 किलोग्राम नाईट्रोजन तथा 16.50 किलोग्राम सल्फर होता है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा, डिप्टी कलेक्टर मकसूद अहमद, एसएलआर विजय सराठिया तथा डॉ जयप्रकाश किरार सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।
हर साल दस हजार रू मिलने से हुई बड़ी मदद
सॉची जनपद के सदालतपुर निवासी हितग्राही किसान गंगाराम तथा रमासिया निवासी किसान रतन सिंह ने कलेक्टर को बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल रहा है। गंगाराम के पास डेढ़ जमीन है तथा रतन सिंह के पास तीन एकड़ जमीन है जिस पर खेती कर वह जीवन यापन करते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत उन्हें हर साल चार हजार रू, दो-दो हजार रू की किश्तों में तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छः हजार रू, तीन किश्तों में दो-दो हजार रू, इस प्रकार साल भर में कुल 10 हजार रू की राशि मिलती है। उन जैसे छोटे रकबे के किसानों के लिए 10 हजार रूपए बहुत बड़ी रकम होती है। पहले कई बार खेती के काम के लिए दूसरों से ब्याज पर ऋण लेना पड़ता था लेकिन अब ऐसा नहीं है। हर साल 10 हजार रूपए मिलने से उनकी आर्थिक समस्या काफी हद तक दूर हो गई है और वह इस राशि का उपयोग खेती के काम में करते हैं।

Related Articles

Back to top button