कृषि

खाद की किल्लत और ई-टोकन व्यवस्था से किसान परेशान, किसान संघ ने SDM को सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो चीफ :शब्बीर अहमद
बेगमगंज। खाद-बीज की व्यवस्था को लेकर किसानों की बढ़ती परेशानियों के बीच भारतीय किसान संघ बेगमगंज ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर ई-टोकन व्यवस्था में सुधार और डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता की मांग की है।
किसान संघ ने मांग की है कि किसानों को अपनी फसल और मिट्टी की जरूरत के अनुसार डीएपी, यूरिया, एनपीके, एमओपी और टीएसपी में से खाद चुनने की सुविधा मिले। सभी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को भटकना न पड़े।
संघ ने ई-टोकन बुकिंग का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक करने और पोर्टल पर गोदामों में उपलब्ध खाद का वास्तविक स्टॉक दिखाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि कई बार गोदाम में खाद होने के बावजूद पोर्टल पर स्टॉक नजर नहीं आता।
इसके अलावा डीएपी और यूरिया एक साथ उपलब्ध कराने, समितियों की क्रेडिट लिमिट बढ़ाने और तीन ओटीपी की जगह सिर्फ एक ओटीपी से ई-टोकन बुकिंग की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
किसान संघ ने आरोप लगाया कि कई अशिक्षित और सामान्य किसान खुद ऑनलाइन टोकन बुक नहीं कर पाते, जिसका फायदा कुछ कियोस्क और दुकान संचालक मनमाने पैसे वसूलकर उठा रहे हैं। संघ ने समितियों पर नि:शुल्क ई-टोकन बुकिंग की व्यवस्था कराने की मांग की है।
वहीं, ई-टोकन बनने के बाद खाद उठाने की समय-सीमा तीन दिन से बढ़ाकर पांच दिन करने की मांग भी रखी गई है।
किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसानों के हित में आंदोलन किया जाएगा। संघ ने इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होने की बात कही है।
ज्ञापन सौंपने वालों में भरत पटेल, राजेश शर्मा, अंशुल शर्मा, लक्ष्मीनारायण चौरसिया, राघव गौर, हरि रैकवार, आयुष्मान पठया, शुभम ठाकुर, नंदकिशोर लोधी और अनुज पटेल सहित अन्य किसान शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button