घर में मिला नव विवाहिता का निर्वस्त्र शव, कमरे में छिपा था जेठ
रायसेन में महिला के पति का आरोप-बड़े भाई ने दुष्कर्म के बाद हत्या की
रायसेन । रायसेन में 19 साल की नवविवाहिता का शव उसके घर में मिला। उसके गले में रस्सी के निशान थे और शरीर पर कपड़े नहीं थे। जेठ पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला वनगंवा क्षेत्र का है। महिला के पति ने बताया कि मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर मेरे बड़े भाई ने मुझ पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। मैं खेत की तरफ भागा और पुलिस को सूचना दी। जब मैं पुलिस के साथ लौटा तो घर का गेट बंद था। खिड़की से अंदर जाकर देखा तो पत्नी बेसुध पड़ी थी और बड़ा भाई कमरे में छिपा था।
महिला के पति ने बताया कि घर में बड़े भाई उम्र 35 साल के अलावा और कोई नहीं है। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। बड़ा भाई तीन एकड़ जमीन को लेकर लगातार विवाद करता था। उसकी पत्नी 10 साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। वह नशे का आदी है। शराब पीकर घर में लड़ाई झगड़ा करता था।
महिला के भाई ने उसके जेठ पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बहन के गले पर रस्सी और नाखून के निशान थे। पति ने भी हत्या की आशंका जताई है। भाई ने बताया कि जनवरी में बहन ने वनगवां में लव मैरिज की थी। इसके बाद घर वाले भी राजी हो गए थे और उसकी मंदिर में शादी कराई थी।
टीआई संदीप चौरसिया का कहना है कि महिला का शव घर में संदिग्ध हालत में मिला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाकर शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। बुधवार को महिला का पोस्टमॉर्टम किया गया। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



