महाशिवरात्रि पर दूल्हेराजा भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली, शिव अभिषेक का कार्यक्रम हुआ
अंकिता परिसर कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
भोपाल। महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में अयोध्या बायपास स्थित अंकिता परिसर कॉलोनी के शिव मंदिर से रविवार को दूल्हेराजा भोलेनाथ की पारंपरिक भव्य बारात उल्लास के साथ निकाली गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का विशेष अभिषेक भी किया और विधि-विधान से पाणिग्रहण कार्यक्रम संपन्न कराया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था। महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए भोलेनाथ को दूल्हे तथा मां पार्वती को दुल्हन के रूप में सुसज्जित किया। पाणिग्रहण की रस्म के दौरान वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। शिव बारात अंकिता परिसर, अभिनव कांकड़ा, अभिनव कीर्ति एवं अयोध्या बायपास से एसआईआरटी कालोनी तक निकाली गई। बारात का जगह जगह भव्य स्वागत हुआ तथा श्रद्धालुओ ने शिव पार्वती की पूजा की। श्रद्धालुओं ने भगवान से सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की प्रार्थना की। कार्यक्रम में पल्लवी जोशी, वंदना जोशी, पुष्पा ठाकरे, प्रीति नायक, हेमलता साहू, तनु लोखंडे एवं सुनीता लोधी सहित कॉलोनी की अनेक महिला श्रद्धालु उपस्थित रहीं। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजन, भजन कीर्तन एवं प्रसादी वितरण का आयोजन भी किया गया।



