नवरात्र पर इस बार घोड़े पर सवार होकर आएंगी जगत जननी मां दुर्गा

2 अप्रेल से शुरू हो रही चैत्र नवरात्र 9 दिन की रहेंगी तिथियां
सिलवानी। चैत्र नवरात्र इस बार कोरोना संक्रमण के प्रतिबंध के बिना ही मनाई जाएगी। जिसको लेकर भक्तों में उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिरों में भीड़ पर कोई नियंत्रण नहीं रखा गया है। श्रद्धालु पूरे समय मंदिर पहुंचकर मां की पूजा अर्चना कर सकते हैं। श्रीराम मंदिर जमुनियापुरा, बीजासेन माता मंदिर, बजरंग चौराहा हनुमान मन्दिर, कांठिया मंदिर, लालघाटी मंदिर, टेकरी मन्दिर सहित सभी प्रमुख देवी मंदिरों में नवरात्र की तैयारी जोर शोर से चल रही है। चैत्र नवरात्र 2 अप्रेल से शुरू हो रहा है, जिसका समापन 10 अप्रेल को होगा। इस बार चैत्र नवरात्र पूरे 9 दिन की रहेगी। तिथियों में भी कोई उतार-चढ़ाव नहीं आएगा। नवरात्र के शुरू होने के साथ ही उत्सवों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। घट स्थापना के साथ ही 9 दिनों के व्रत शुरू हो जाएंगे और देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ेगी।



