क्राइमखेल

Woman criketer : पेड़ से लटका मिला महिला क्रिकेटर का शव, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
कटक । एक ओर ओडिशा हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है, जिस कारण चारों ओर उसकी वाहवाही हो रही है। वहीं, दूसरी ओर इसी राज्य में एक महिला क्रिकेटर की संदिग्ध मौत की खबर आ रही है। 26 साल की राजश्री स्वेन का शव ओडिशा के जंगल में पेड़ से लटका मिला। परिजन ने कोच पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार राजश्री स्वेन 11 जनवरी से लापता थीं। उनका शव शुक्रवार 13 जनवरी को कटक के करीब घने जंगल में मिला। कटक के डीसीपी पिनाक मिश्रा ने कहा, ‘राजश्री का शव अथागढ़ क्षेत्र में गुरूदिझाटिया जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। राजश्री के कोच ने गुरुवार 12 जनवरी को कटक में मंगलाबाग पुलिस थाने में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।’
मिश्रा ने कहा, ‘गुरूदिझाटिया पुलिस स्टेशन में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस को अभी तक उनकी मौत के कारण का पता नहीं चला है। हालांकि राजश्री के परिजन ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है क्योंकि उसके शरीर पर चोट के निशान थे और उसकी आंखों को भी नुकसान पहुंचाया गया था।
जंगल के पास मिला था स्कूटर
राजश्री का स्कूटर जंगल के करीब मिला था। उनका मोबाइल भी बंद था। पुलिस ने कहा- ‘सभी पहलुओं से जांच की जाएगी।’ वहीं, महिला क्रिकेटर के परिवार के सदस्यों ने कहा- ‘राजश्री सहित करीब 25 महिला क्रिकेटर ओडिशा क्रिकेट संघ (ओसीए) द्वारा बाजराकाबाटी क्षेत्र में आयोजित ट्रेनिंग शिविर का हिस्सा थीं। जो पुडुचेरी में होने वाले आगामी नेशनल टूर्नामेंट की तैयारियों के लिए लगाया गया था। सभी एक होटल में ठहरीं। ओडिशा राज्य महिला क्रिकेट टीम की घोषणा 10 जनवरी को की गई थी, लेकिन राजश्री का नाम सूची में नहीं था।’
परिजन बोले- मौत के लिए OCA और कोच जिम्मेदार
पुलिस ने कहा कि अगले दिन खिलाड़ी अभ्यास के लिए तांगी क्षेत्र में क्रिकेट मैदान में गईं, लेकिन राजश्री ने अपने कोच को बताया कि वह अपने पिता से मिलने के लिए पुरी जा रही हैं। राजश्री के परिवार ने मौत के लिए ओडिशा क्रिकेट और टीम के कोच पर आरोप लगाया।
महिला क्रिकेटर की बहन ने स्थानीय मीडिया से कहा, ‘मेरी बहन की मौत के लिए ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन और कोच बनर्जी जिम्मेदार हैं। हमें बड़ी साजिश का संदेह है। यदि वह दबाव में होती तो वह घर पर आती या फिर कहीं ओर जान देती। उसने इतना घना जंगल ही क्यों चुना? उस पर ऐसी क्या बीती जिसे वह सहन नहीं कर पाई। वह खुशमिजाज, मस्ती-मजाक करने वाली लड़की थी और ऐसा कर ही नहीं सकती।
मां बोली- अच्छा खेलने पर भी नहीं चुना
राजश्री के पिता ने ओडिशा क्रिकेट को घेरते हुए कहा, ‘मेरी बेटी की ओडिशा क्रिकेट ने हत्या की और लटका दिया।’ क्रिकेटर की मां ने आरोप लगाया, ‘वह सेलेक्शन कैंप के लिए कटक आई थी। वह पैलेस होटल में रह रही थी। 10 दिन के सेलेक्शन कैंप के बाद उसे जानबूझकर फाइनल टीम से निकाल दिया गया, जबकि वह सबसे अच्छी खिलाड़ी थी। वह दबाव में थी और उसने अपनी बहन को फोन किया था और बताया कि उसे ऑलराउंडर होने के बाद भी टीम में नहीं लिया गया।’

Related Articles

Back to top button