अभाविप ने बेजुबान पक्षियों के लिए जलपात्र की व्यवस्था कर दिया संदेश

बम्होरी । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई बम्होरी के कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न घरों, मंदिरों एवं छायादार वृक्षों पर पक्षियों को पानी पीने के जलपात्र लटकाए। कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था करके अन्य लोगो को भी प्रेरित करने को कहा। शुभम सेन ने बताया की बेजुबान पक्षियों की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है, धर्म है।
इन दिनों भयंकर गर्मी पड़ रही है हम-सब तो अपने बचाव के लिए तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। फ्रिज का ठंडा पानी पी रहे हैं। एसी, कूलर का सहारा ले रहे हैं। धूप से बच रहे हैं, लेकिन पक्षी पानी को तरस रहे हैं। धूप में यूं ही उड़ने को मजबूर हैं। तेजी से फैलती बस्तियां तालाबों को लील गई हैं। जंगल, झुरमुट साफ हो जा रहे हैं। परिंदों के घोसले कहां बनें यह सोचने को इंसान तैयार नहीं। हम लोग अपने दैनिक जीवन में बहुत सारा पानी अनावश्यक रूप से बहा दे रहे हैं। उसी में से थोड़ा सा पानी किसी पात्र में भरकर सुबह शाम छतों पर रखें तो परिंदों की प्यास बुझ सकेगी। वह बेजुबान इस गर्मी के कहर से खुद को बचा सकेंगे तो मानवता को भी संजीवनी मिलेगी। अपील की पक्षियों के सुरक्षित जीवन के लिए जल का प्रबंध जरूर करें।
प्रांत कार्यकारणी सदस्य शुभम सेन, नगर अध्यक्ष राहुल शर्मा, श्रवण पटेल, राहुल लोधी, जितेन्द्र मिश्रा, सत्यम लोधी, उमेश पाल, रोहित मिश्रा, योगेश धाकड़, सुमित लोधी, सुमित धाकड़ आदि सहयोगी रहे ।



