तेज रफ्तार क्रेन ने मारी खड़ी बाइकों को टक्कर, बड़ा हादसा टला

सिलवानी । थाना क्षेत्र के साईंखेड़ा में रायश्री गार्डन के सामने एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित क्रेन मशीन ने चार खड़ी मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी मोटरसाइकिलें चकनाचूर हो गईं।
यह हादसा उस समय हुआ जब सिमरिया कला के रघुवंशी समाज के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मौके पर पहुंचे थे और अपनी बाइकें गार्डन के पास खड़ी की थीं। गनीमत रही कि बाइक सवार सभी लोग उस वक्त मोटरसाइकिलों से दूर थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद क्रेन चालक मौके से क्रेन को वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह पूरी घटना सिलवानी थाना क्षेत्र की है और आसपास के लोगों में इस हादसे को लेकर आक्रोश व्याप्त है। पुलिस क्रेन चालक की तलाश में जुट गई है।



