ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने दांवपेंच में दिखाए जौहर, जीते स्वर्ण, सिल्वर कांस्य पदक
हारफ़ूलों से खिलाड़ियों का स्वागत कर बढ़ाया हौसला
रायसेन। खेलो एमपी यूथ गेम्स 2023 राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 5 अक्टूबर 2023 तात्या टोपे स्टेडियम भोपाल में किया गया।जिसमें पुलिस ताइक्वांडो क्लब रायसेन के 14 खिलाड़ियों ने भाग लेकर 1 स्वर्ण पदक, 1 रजत पदक, 3 कांस्य पदक पदक प्राप्त कर रायसेन जिले का नाम रोशन किया। पुलिस ताइक्वांडो क्लब कोच रायसेन के मास्टर ट्रेनर दिनेश दिवाकर ने बताया कि सभी पदक प्राप्त खिलाड़ियों को पुलिस लाइन में पुलिस आरआई कविता डामोर द्वारा विजेता बने ताईक्वांडो खिलाडियों को पदक पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इन खिलाड़ियों में प्रतियोगिता में पूनम मीणा ने – 46 किलो वजन वर्ग में स्वर्ण पदक, सत्यम पटवा 52 किलो वजन वर्ग में रजत पदक, अंजली कुशवाह 52 किलो वर्ग में कांस्य पदक, ध्रुव कटिहार 48 किलो वजन वर्ग में कांस्य पदक, आयुष धाकड़ 55 किलो वजन वर्ग में कांस्य पदक एवं राजेश्वरी लोधी, प्रिया मिश्रा, मोनिका भार्गव, रुचि पटेल, चंचल शर्मा, हर्ष पटवा, कनिष्क गौर, सिद्धार्थ मालवीय, मधुसूदन यादव ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रायसेन जिले का नाम रोशन किया। मीडिया कर्मियों द्वारा पूछने पर उन्होंने बताया कि सभी पदक प्राप्त खिलाड़ियों को जिला खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर 31000, रजत प्राप्त करने पर 21000, कांस्य पदक प्राप्त करने पर 11000 की नगद राशि प्रदान की गई। ताईक्वांडो खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे, सूबेदार प्रदीप रघुवंशी, जिला खेल अधिकारी जलज चतुर्वेदी, जिला शिक्षा क्रीड़ा अधिकारी राजेश यादव जिला ताइक्वांडो संघ अध्यक्ष मुकेश शर्मा, सचिव सुरेंद्रसिंह राजपूत एवं समस्त पुलिस स्टाफ द्वारा खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर आशीर्वाद प्रदान कर उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी है।



