क्राइम

13 घोटालेबाजों में से 9 ने जमा किए 72 लाख रुपए

सीएमएचओ कार्यालय में पीएफ घोटाले का मामला
रायसेन । सीएमएचओ कार्यालय में हुए पीएफ घोटाले की जांच अभी भी जारी है, जो किसी नतीजे पर भले ही न पहुंची हो, लेकन घोटालेबाजों द्वारा हड़पे गए रुपए वापस जमा कराए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार अब तक लगभग 72 लाख रुपए नौ कर्मचारियों से वापस जमा कराए गए हैं। जबकि चार से घोटालेबाजों से रिकवरी शुरू नहीं हुई है। कर्मचारियों के पीएफ सहित अन्य हितों की राशि तो वापस ट्रेजरी में जमा होने लगी है, लेकिन दोषियों पर कार्रवाई कब और क्या होगी यह अभी तय नहीं है।
उल्लेखनीय है कि सीएमएचओ कार्यालय में कर्मचरियों के पीएफ, सेवानिवृत्ति फंड, फैमिली पेंशन सहित अन्य हितों की राशि में बड़े पैमाने पर घोटाला उजागर हुआ था। जिसमें विभाग के जिला मुख्यालय कार्यालय सहित विकासखंड स्तर के 13 कर्मचारी शामिल पाए गए। मामले की जांच भोपाल के अधिकारी कर रहे हैं। इन मामले में अब तक नौ घोटालेबाजों से 72 लाख 22 हजार रुपए की राशि जमा करवाई गई है। जबकि यह घोटाला लगभग ढाई करोड़ रुपए का बताया जा रहा है। राशि वापस जमा करने के लिए दोषियों पर दबाव बनाया गया, ताकि इनके आका सुरक्षित रहें। बताया जाता है कि घोटाले की राशि जमा कराने के बाद मामले में रफा दफा करने की तैयारी है।
इस संबंध में डॉ. दिनेश खत्री, सीएमएचओ का कहना है कि घोटाले की जांच ट्रेजरी में चल रही है। पता चला है कि कुछ दोषियों से बड़ी राशि वापस जमा कराई गई है. कितनी राशि और किससे जमा कराई यह पता नहीं है। जल्द ही जांच पूरी हो जाएगी. फिर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button