काली मंदिर के पास मिला पेड़ पर लटका शव : जांच में जुटी पुलिस
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । रायसेन शहर के थाना कोतवाली के अंतर्गत सांची मार्ग पर स्थित गोपालपुर की पहाड़ी पर स्थित काली मंदिर के पास रामताल के जंगल में एक अज्ञात युवक का शव पेड़ पर रस्सी से झूलता हुआ मिला। शव काफी पुराना होना बताया जा रहा है, शव मिलने से क्षेत्र में फिलहाल सनसनी फैल गई। गुरुवार को सुबह रामताल की पहाड़ी के जंगल में लकड़ी बीनने गए लोगों को पेड़ पर एक अज्ञात युवक का शव सड़ी गली अवस्था में रस्सी से लटका हुआ मिला। प्रथम दृष्टया में काफी पुराना शव दिखा तो वह हक्के बक्के रह गए।
उन्होंने तुरंत थाना कोतवाली रायसेन पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना कोतवाली पुलिस द्वारा जांच प्रारंभ कर दी गई है।
जांच पड़ताल के बाद गुरुवार की शाम 5 बजे एएसपी अमृत मीणा, कोतवाली टीआई जगदीश सिद्धू ने मीडिया कर्मियों को जानकारी देते हुए बताया कि शव की पहचान जगदीश कुशवाहा पिता परमानंद कुशवाहा उम्र 25 वर्ष निवासी गोपालपुर कर ली गई है। परिजनों को शव के पीएम कराए जाने के उपरांत सौंप दिया गया है।
मालूम हो कि करीब 21 दिनों के अंदर तीन अलग अलग मामलों में 3 लोगों ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है।
बुधवार को भी रायसेन शहर के वार्ड 15 अर्जुन नगर के निवासी एक युवक ने खुद के ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।इसके पूर्व एक स्टाफ नर्स पूजा मेहरा ने नई तहसील कॉलोनी साँईं बिहार कॉलोनी के बीच रायसेन में और एक पटी की रहने वाली स्वामी विवेकानंद डिग्री कालेज रायसेन की आदिवासी समाज की एक युवती ने फांसी पर झूलकर सुसाइड कर जान दे चुकी है।



