क्राइम

लिव इन पार्टनर की हत्या कर नाले में फेंकी लाश

हत्या कर खुद ही पहुंची महिला ने थाने में दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

रिपोर्टर : बलवीर सिंह रघुवंशी
विदिशा । अवैध शराब बेचने की आदी और पूर्व में जिला बदर हो चुकी राजीवनगर निवासी रमा राठौर पिछले करीब सात साल से धारूखेड़ी के तोरणसिंह दांगी के साथ लिव इन रिलेशन में थी। तोरण की पत्नी और पुत्र की मौत हो चुकी थी। ऐसे में रमा राठौर की नजर तोरण सिंह की संपत्ति पर थी। घटना की दोपहर तोरण, रमा और उसके चार साथियों ने खेत पर पार्टी की। इस बीच तोरण का विवाद हो गया तो रमा ने रोटी बनाने के तवे से उसके सिर में दो-तीन वार किए और फिर गमछे से उसका गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद रमा ने अपने साथियों से मिलकर मृतक के शव को खेत में छिपाया और अगले दिन नाले में फेंक दिया। वहीं पुलिस को भ्रमित करने के लिए रमा ने सिविल लाइन थाने में उसकी गुमशुदगी रिपोर्ट भी दर्ज कराई। पुलिस ने रमा समेत उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। धारूखेड़ी के चौकीदार बदनसिंह ने 29 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में सूचना दी थी कि धारूखेड़ी में खेत के नाले में एक शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निकलवाया। उसकी पहचान तोरण सिंह दांगी 60 साल निवासी धारूखेड़ी के रूप मे की गई।
सिविल लाइन टीआई शहबाज खान ने तकनीकी आधार पर घटनास्थल पर मिले साक्ष्य एवं घटनास्थल के साक्षियों कथन के आधार पर तोरण सिंह की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराने वाली रमा राठौर व उसके साथ खेतो मे काम करने वाले अंतराम कुशवाह, मुकेश कुशवाह, प्रकाश साहू व टीलाखेड़ी के देवेन्द्र चतुर्वेदी से पूछताछ की तो उन्होंने जुर्म स्वीकार कर पूरी घटना उगल दी।

Related Articles

Back to top button