बंद बोरी में मिली 2 दिन की नवजातः रोने की आवाज सुनकर लोगों ने बाहर निकाला
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र की घटना
भोपाल । एमपी की राजधानी भोपाल में बुधवार की सुबह एक बोरी में नवजात बच्ची बंद मिली। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने बच्ची की आवाज सुनकर बोरी को खोला। उसे बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची ऐशबाग पुलिस ने बच्ची को अभिरक्षा में लिया और कमला नेहरू अस्पताल भेजा। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है।
घटना राजधानी के बाग उमराव दुल्हा इलाके का है। बच्ची की उम्र एक-दो दिन ही है।
डीसीपी प्रियंका शुक्ला ने बताया कि ऐशबाग थाना क्षेत्र के बाग उमराव दूल्हा इलाके में बुधवार सुबह लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। आसपास देखा तो पीले रंग की बंद बोरी में हलचल दिखी। इसे खोला तो बच्ची दिखाई दी।
कमला नेहरू अस्पताल के डॉक्टरों की टीम के अनुसार बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। उसकी नाल भी नहीं कटी है। उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।



