बंद पड़ी बड़वारा माइक्रो इरिगेशन योजना को शीघ्र शुरू कराने के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री से किया आग्रह

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर वर्षों से बंद पड़ी बड़वारा माइक्रो इरिगेशन योजना का शीघ्र संचालन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है। इस संबंध में जानकारी भाजपा नेता योगेंद्र सिंह ठाकुर ने दी।
पत्र में विधायक ने बताया कि ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के आदिवासी परिवारों और किसानों के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से किसानों का अपने खेतों में सिंचाई का सपना पूरा होना था। उन्होंने कहा कि करीब 233 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना से 97 गांवों की 15,058 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित था।
विधायक के अनुसार, परियोजना के क्रियान्वयन का कार्य नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा मुंबई की मेसर्स शापूजी पालॉजी एंड कंपनी पीसी को सौंपा गया था। इसका कार्यकाल 17 अगस्त 2017 से 16 अगस्त 2019 तक निर्धारित था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी योजना आज तक शुरू नहीं हो सकी और वर्षों से बंद पड़ी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि योजना की तकनीकी एवं प्रशासनिक समीक्षा कराकर इसके शीघ्र संचालन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि क्षेत्र के हजारों किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पूरा हो सके।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री की सकारात्मक पहल से लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना को गति मिलेगी और क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ प्राप्त होगा।



