क्राइम

जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को ढीमरखेड़ा पुलिस ने दबोचा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी सलीमानाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना ढीमरखेड़ा पुलिस अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है । इसी क्रम में शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगने, मारपीट करने और धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जून 2026 को फरियादी धन्नोलाल यादव (30) निवासी ग्राम झररी, थाना ढीमरखेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी महेश यादव ने शराब पीने के लिए उससे रुपये-पैसों की मांग की । जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी ।
शिकायत के आधार पर थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 341/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई । जांच के दौरान विवेचना अधिकारी सहायक उप निरीक्षक विजयेन्द्र तिवारी ने आरोपी महेश यादव (37), निवासी ग्राम झररी को गिरफ्तार किया ।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय जेएमएफसी न्यायालय ढीमरखेड़ा के समक्ष प्रस्तुत किया गया । पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगा है तथा नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है ।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी, सहायक उप निरीक्षक विजयेन्द्र तिवारी, आरक्षक जागेश्वर एवं थाना ढीमरखेड़ा के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button