सांसद खेल महोत्सव : ‘खेल से स्वस्थ मन, फिट शरीर’ की भावना ग्राम चिचोली में दिखा ज़ोरदार उत्साह

सिलवानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ विज़न को साकार करने की दिशा में ग्राम पंचायत चिचोली ने एक सराहनीय पहल करते हुए सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत एक दिवसीय भव्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया। यह आयोजन पंचायत के सरपंच एवं सचिव के सक्रिय सहयोग से एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला, चिचोली परिसर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में गाँव के बच्चों और ग्रामीणों में खेलों के प्रति अद्भुत उत्साह देखने को मिला। महोत्सव में रस्साकसी, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ जैसे पारंपरिक और मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को स्पोर्ट्स टीचर प्रीति कुशवाहा और आरती कालोसिया के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण एवं सहभागिता का अवसर मिला।
इस अवसर पर सांसद खेल महोत्सव प्रभारी प्रदीप कुशवाहा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके नेतृत्व में सिलवानी विधानसभा ने सांसद खेल महोत्सव के लिए रिकॉर्ड 4000 रजिस्ट्रेशन करवाए, जिससे सिलवानी विधानसभा, विदिशा संसदीय क्षेत्र में तीसरे स्थान पर रही। यह उपलब्धि क्षेत्र में बढ़ती खेल भावना और जनजागरूकता का प्रतीक है।
शाला प्रभारी ने बताया कि यह आयोजन विदिशा में हुए विराट सांसद खेल महोत्सव की सफलता से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि “माननीय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में ऐसे आयोजन बच्चों के स्वस्थ मन और फिट शरीर के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विदिशा में हुए मुख्य महोत्सव में पूर्व क्रिकेटर कपिल देव की उपस्थिति ने सभी को प्रेरित किया था। वहीं, उस आयोजन में भाग लेने वाले बच्चों को रामपाल सिंह राजपूत द्वारा संदीपनी विद्यालय, सिलवानी में सम्मानित किया गया था, जिससे बच्चों में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
शाला प्रभारी ने कहा कि “ऐसे आयोजन बच्चों में जीत-हार की सच्ची भावना विकसित करते हैं और उन्हें एक अच्छा खिलाड़ी बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।”कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु ग्राम पंचायत के सहयोग के प्रति उन्होंने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शाला के शिक्षकगण, पंचायत प्रतिनिधि, एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।



